जीएसटी काउंसिल की 45वीं बैठक 17 सितंबर को लखनऊ में
-केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी बैठक की अध्यक्षता
-बैठक में जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर होगी विस्तृत चर्चा
लखनऊ, 15 सितंबर । वस्तु और सेवा कर (जीएसटी) काउंसिल की 45वीं बैठक 17 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ स्थित होटल ताज (विवांता) में आयोजित हो रही है। इस बैठक में जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को यहां बताया कि जीएसटी काउंसिल की 45वीं बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण करेंगी। बैठक में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी एवं देश के सभी राज्यों की ओर से जीएसटी काउंसिल के सदस्य के रूप में नामित मंत्री गणों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। बैठक में जीएसटी काउंसिल के सदस्य गणों के सहयोगार्थ भारत सरकार एवं सभी संबंधित राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
श्री खन्ना ने बताया कि जीएसटी काउंसिल की बैठक से पूर्व केंद्र सरकार एवं सभी राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक तैयारी बैठक 16 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे होटल ताज लखनऊ में संपन्न होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रतिभाग करने वाले केंद्रीय वित्तमंत्री, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री, सभी राज्यों के मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया है और आशा व्यक्त की है कि सभी अतिथिगणों का लखनऊ प्रवास सुखद रहेगा।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में आयोजित हो रही 45वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के अतिरिक्त अरुणाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री चैना मेन, बिहार के उप मुख्यमंत्री राज किशोर प्रसाद, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, गुजरात के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री नितिन भाई पटेल, हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, मणिपुर के उप मुख्यमंत्री युमनाम जोए कुमार सिंह तथा त्रिपुरा के उप मुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा सम्मिलित हो रहे हैं।


0 Comments